सरकार के प्रति जनता का विश्वास बनाये रखना जरुरी
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। जनपद के बाढ़ से प्रभावित ग्रामीणों की परेशानियां कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। रविवार को भाजपा नेता एवं समाजसेवी विकास राजपूत अपने समर्थकों के साथ राहत कार्य के लिए बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे। उन्होंने सैकड़ों बाढ़ पीडि़त परिवारों के बीच भोजन एवं राहत सामग्री वितरित की। सुभासपा के जिलाध्यक्ष अतुल बाथम भी अपनी पूरी टीम के साथ उपस्थित रहे। उन्होंने ग्रामीणों से संवाद किया और भरोसा दिलाया कि सरकार हर संभव मदद के लिए उनके साथ खड़ी रहेगी।
राहत वितरण के दौरान भाजपा नेता विकास राजपूत ने कहा कि सरकार द्वारा लगातार बाढ़ प्रभावित परिवारों को सहायता पहुंचाई जा रही है। प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है, लेकिन समाजसेवी होने के नाते मेरा कर्तव्य है कि मैं स्वयं जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनूँ और उनकी मदद करने का प्रयास करूं। जनता का विश्वास बनाए रखना सबसे ज़रूरी है। गांवों में बाढ़ का असर अब भी गहरा है। कई घर पानी से घिरे हैं और ग्रामीण आवश्यक वस्तुओं की कमी से जूझ रहे हैं। ऐसे में राहत सामग्री पाकर लोगों ने संतोष जताया और नेताओं के प्रयासों की सराहना की। स्थानीय लोगों ने बताया कि इस कठिन समय में नेताओं का मौके पर पहुँचना और मदद करना वास्तव में राहत देता है। साथ ही उन्होंने सरकार से स्थायी समाधान की भी माँग रखी।
