कमालगंज, समृद्धि न्यूज। कमालगंज थाना क्षेत्र के ग्राम सियापुर के पाल नगला में बना सुलभ शौचालय जो कि लगभग 4 वर्ष पूर्व बनवाया गया था। जिसका निर्माण पूर्व प्रधान राम शंकर उर्फ बाबा के द्वारा करवाया गया था। जिसमें घटिया निर्माण सामग्री का प्रयोग किये जाने के कारण वह बदहाल स्थिति पर पहुंच गया है।
शौचालय बनने के बाद 4 वर्ष बीत जाने के बावजूद आज भी शौचालय में लगी टोटियों एवं पाइप लाइन में पानी नहीं आ रहा है एवं छोटा टैंक बनाए जाने के कारण वह भी भर गया है। जिससे आसपास रहने वाले ग्रामीण को खुले में शौच जाने के लिए विवश होना पड़ रहा है। शौचालय की देखरेख करने वाली बिट्टू देवी ने बताया की शौचालय मैं पानी न आने के कारण यह शौचालय महीनों से बंद पड़ा है। कई बार प्रधान से इस मामले में शिकायत की जा चुकी है लेकिन आज तक इसकी तरफ कोई ध्यान नहीं का गयी। वर्तमान में ग्राम प्रधान विजय कटियार के ध्यान न दिए जाने के कारण लाखों के निर्माण से बने शौचालय का प्रयोग ग्रामीण नहीं कर पा रहे हैं जिससे स्वच्छ भारत अभियान एवं खुले में शौच क्रिया के लिए जाने को ग्रामीण लाचार है जिससे राज्य एवं केंद्र सरकार की योजनाओं को पलीता लग रहा है। वहीं ग्रामीणों ने बताया कि आज से 20 साल पूर्व इस गांव में सरकारी आवास आए थे 20 साल बीत जाने के बावजूद न तो पूर्व प्रधान और ना ही वर्तमान प्रधान द्वारा कोई भी विकास कार्य इस गांव में करवाया गया है। वहीं शौचालय के पास में बने कूड़ाा निस्तारण के अंतर्गत बनाए गए बड़े-बड़े कूड़ेदान में घास जमती है। जिससे ग्रामीणों में जागरूकता ना होने के कारण उनका भी प्रयोग नहीं हो रहा है। जिससे हजारों रुपए से बनाए गए कूड़ा निस्तारण गमले बेकार पड़े हुए और गंदगी मुंह चिढ़ा रही है। इस मामले में जिम्मेदार अधिकारियों से बात करने पर उन्होंने बताया संज्ञान में मामला नहीं था। अब जानकारी हुई है इस मामले में ग्राम प्रधान को जल्द से जल्द ग्रामीणों की शिकायत के निस्तारण के लिए कहा जाएगा।
हर घर में शौचालय योजना को पलीता लगा रहा ग्राम प्रधान
