ग्रामीणों ने प्रधान पर गलत तरीके से मृतकों व अपात्रों को पट्टे करने का लगाया आरोप

उपजिलाधिकारी को ज्ञापन देकर पट्टे निरस्त कराने की उठायी मांग
नवाबगंज, समृद्धि न्यूज। ग्राम प्रधान द्वारा गलत तरीके से मृतकों तथा अपात्रों के नाम पत्रावली तैयार कर पट्टे आवंटित कर दिये। जिस पर दर्जनों ग्रामीणों ने उप जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर पट्टे निरस्त कराने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार नवाबगंज विकास खंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत बिजौरी के मजरा नगला मन के दर्जनों ग्रामीणों ने आज उप जिलाधिकारी कायमगंज को ज्ञापन सौंपा। जिसमें आरोप लगाया है कि ग्राम प्रधान सावित्री देवी पत्नी भूमिराज यादव ने गलत तरीके से पत्रावली तैयार कर अपात्रों तथा मृतकों के नाम पट्टे कर दिये। जिन्हें निरस्त किया जाये। जब इस बाबत ग्राम प्रधान सावित्री देवी के पति भूमिराज यादव से फोन पर वार्ता की गई, तो उन्होंने बताया कि ऐसा कुछ नहीं है। जब पत्रावली तैयार की गई थी, तो पात्र व्यक्ति जीवित थे। जिसमें एक दो व्यक्तियों की मृत्यु अवश्य हुई है। जिस पर क्षेत्रीय कानूनगो व लेखपाल ने उनके पट्टे निरस्त करने के लिए रिपोर्ट भी प्रेषित कर दी है। वहीं ग्राम प्रधान द्वारा बताया गया कि अभी पत्रावली पूर्ण रूप से तैयार नहीं हो सकी है और मृतकों के नाम पट्टा निरस्तीकरण की रिपोर्ट कानूनगो द्वारा लगा दी गई है। वहीं उप जिला अधिकारी के द्वारा उनको जांच कराकर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *