ग्राम प्रधान बोले पशुओं को गौशाला में शिफ्ट कराया जायेगा
शमशाबाद, समृद्धि न्यूज। प्रशासनिक लापरवाही के चलते क्षेत्र में किसानों की फसलों की बर्बादी का कारण बने आवारा गोवंशों को आक्रोशित ग्रामीणों ने बंधक बनाया।
ग्रामीणों के अनुसार दर्जनों की संख्या में भ्रमण करने वाले आवारा गोवंश किसानों की फसलों की बरबादी का कारण बने हुए थे। इसे ग्रामीण क्षेत्रों में निवास करने वाले गरीब मजदूर, किसानों का दुर्भाग्य कहें तो ज्यादा बेहतर होगा, क्योंकि शमशाबाद क्षेत्र में एक लंबे समय से आवारा खूंखार गोवंश को वास्तविक गरीब, मजदूर, किसानों की फसलों की बरबादी का कारण बने हुए हैं। आक्रोशित किसानों का कहना था किसी भी गांव का आंकलन किया जाए तो उस गांव में दर्जनों आवारा गोवंश भ्रमण करते हुए देखे जा सकते हैं। सबसे बड़ी बात यह है भ्रमणकारी आवारा गोवंश जहां एक ओर किसानों के खेतों में खड़ी फसल को नष्ट कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर रखवाली करने वाले गरीब, किसानों की जान के दुश्मन भी बन रहे हैं। जानकर लोग बताते है अब तक दर्जनों लोगों को यही खूंखार आवारा गोवंश हमला कर घायल कर चुके हैं, तो तमाम लोग खूंखार गौवंशों तथा सांडों का शिकार होकर काल के गाल में समा चुके हैं।

हालांकि किसानों द्वारा समाजसेवी, जनप्रतिनिधियों के माध्यम से प्रसासनिक स्तर पर समय-समय पर पकड़वाये जाने की मांग की जाती रही। मजबूर किसानों की आवाज नक्कारखाने में में तूती की आवाज साबित हुई। उधर भाकियू अराजनैतिक गुट के जिलाध्यक्ष राम बहादुर राजपूत के नेतृत्व में दर्जनों किसानों द्वारा भ्रमणकारी आवारा गोवंशों को पकड़वाकर गौशालाओ में छुड़वाए जाने की मांग की जाती रही। इसके अलावा भाकियू जिलाध्यक्ष डाक्टर प्रेमचंद्र सक्सेना, मंडल अध्यक्ष हुकुम सिंह यादव ने भी विगत दिनों पूर्व जिलाधिकारी को संबोधित उपजिलाधिकारी कायमगंज को ज्ञापन दिया था। इसके बावजूद कोई सुनवाई न होने पर गुरुवार को ग्राम कुइयांखेड़ा के ग्रामीणों को आवारा गौवंश जिन्हें खदेडक़र बाउंड्री के अंदर बंधक बनाते हुए देखा गया। बताते हैं कि हाते के अंदर लगभग दो दर्जन से भी अधिक गोवंशों को बंधक बनाया गया। ग्राम प्रधान रजत कुमार ने बताया ग्रामीण किसानों की समस्याओं को देखते हुए आवारा गौवंशों को पकड़वाया गया। उन्होंने यह भी बताया लगभग दो दर्जन से भी ज्यादा आवारा गौवंशों को बंधक बनाया जा चुका है। पकड़े गए गौवंशों को शमसाबाद क्षेत्र की किसी गौशाला में शिफ्ट कराया जाएगा।
