वन विभाग ने कड़ी मशक्कत के बाद किया रेस्क्यू
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। गांव के किनारे १२ फिट लंबा मगरमच्छ देख ग्रामीणों में दहशत फैल गयी। आनन-फानन में घटना की सूचना वन विभाग को दी गयी। करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद वन विभाग की टीम ने मगरमच्छ को रेस्क्यू किया और बाद में सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार कम्पिल थाना क्षेत्र स्थित बिहारीपुर गांव में मंगलवार रात करीब 12 फीट लंबा एक मगरमच्छ गंगा नदी से निकलकर गांव के मुहाने तक पहुंच गया। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों की मदद से रात में ही रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया, जो लगभग चार घंटे तक चला। कड़ी मशक्कत के बाद टीम मगरमच्छ को पकडऩे में सफल रही। डीएफओ राजीव कुमार ने बताया कि मंगलवार रात को बिहारीपुर गांव में मगरमच्छ होने की सूचना मिली थी। तत्काल वन क्षेत्र अधिकारी के नेतृत्व में एक टीम का गठन कर उसे गांव भेजा गया। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों के सहयोग से रात के समय चार घंटे तक रेस्क्यू चला। मगरमच्छ बार-बार पानी के बाहर आ रहा था और अंदर जा रहा था। जिससे रात में उसे पकडऩे में काफी दिक्कतें आईं। डीएफओ ने आगे बताया कि मगरमच्छ को सुरक्षित पकडऩे के बाद उसे एक सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया गया है।
बारह फिट लंबा मगरमच्छ देख ग्रामीण दहशत में
