कायमगंज, समृद्धि न्यूज। तहसील क्षेत्र के ग्राम पचरोली महादेवपुर पंछी नगला के ग्रामीणों ने लेखपाल आशीष वर्मा पर आरोप लगाते हुए कहा कि लेखपाल बाढ़ राहत सामग्री देने से इनकार कर रहे है। वहीं तराई शमशाबाद और कंपिल के दर्जनों गांव के ग्रामीण बाढ़ का दंश झेल रहे हैं। तराई क्षेत्र को जाने वाले संपर्क मार्गों के क्षतिग्रस्त हो जाने के कारण आवागमन पूरी तरह बाधित चल रहा है। लोगों को नावों और ट्रैक्टरों का सहारा लेकर दैनिक उपयोग की वस्तुएं खरीदने, दवा लेने और कोर्ट कचहरी आते जाते देखा जा सकता है। महिलाएं और बच्चे तो घरों में कैद हो कर रह गए हैं। बाढ़ का पानी घरों और गलियों में आज भी घुटनों तक भरा होने के कारण लोगों को शौचक्रिया तक के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है। नगर से मात्र तीन किलोमीटर की दूरी पर स्थित अताईपुर कोहना गांव के पास स्थित कोला सिकंदरपुर बूढ़ी गंगा के पुल के पास सडक़ क्षतिग्रस्त हो जाने के कारण आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है। बाढ़ के पानी में घिरी मक्का, धान, सब्जियां, बाजरा, गन्ना, जानवरों का चारा सब तबाह हो चुके हैं। लोगों की बीघों नर्सरी की खेती जिनमें आम, अमरूद, नीम, बरगद, जामुन और घरों में सजाने वाले पौधों की खेती खराब हो गई है। जिससे नर्सरी उद्योग पर संकट गहरा गया है। ग्रामीणों का कहना है आसमानी पानी तो बंद हो चुका है पर बाढ़ का प्रकोप बरकरार है।
