गोदाम प्रभारी ने किसान को गेहूं बीज देने से किया इनकार

पीडि़त ने मुख्यमंत्री को गोदाम प्रभारी के खिलाफ भेजा पत्र
जिला कृषि अधिकारी तथा जिलाधिकारी से भी की शिकायत
शमशाबाद, समृद्धि न्यूज। विकास खंड शमशाबाद क्षेत्र के ग्राम बैरमपुर निवासी 75 वर्षीय किसान जुगल किशोर पुत्र ज्ञान प्रसाद मिश्रा ने सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को शिकायती पत्र भेजकर कहा कि वर्तमान में गेहूं की बुवाई का कार्य जोरों पर है। बड़े पैमाने पर किसानों द्वारा गेहूं की बुबाई का कार्य जारी है। शिकायती पत्र में यह भी कहा गया है कि वर्तमान में उसके पास तीन हेक्टेयर कृषि योग्य भूमि है। जिस पर गेहूं की फसल की बुवाई करना चाहता है। इसके लिए 8 नवंबर को पीडि़त राजकीय कृषि रक्षा इकाई फैजबाग गया। काफी इंतजार के बाद जब गोदाम प्रभारी मौके पर पहुंचे, तो उनसे गेहूं बीज उपलब्ध कराये जाने की मांग की, लेकिन गोदाम प्रभारी धर्मेंद्र कुमार द्वारा गेहूं बीज देने से इनकार कर दिया गया। कारण पूछने पर कोई जवाब नहीं दिया गया। इससे आहत किसान ने जिला कृषि अधिकारी से भी शिकायत की। अफसोस इसके बाबजूद भी किसान को न्याय नहीं मिला। उन्होंने जिलाधिकारी से भी शिकायत की। अफसोस सुनवाई नहीं होने पर पीडि़त किसान ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को शिकायती पत्र भेजकर गोदाम प्रभारी के खिलाफ जांच कर कार्यवाही की मांग करते हुए कहा कि सरकार द्वारा सभी सरकारी गोदामों पर गेहूं बीज उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि किसान अपने खेतों में गेहूं की बुबाई कर सकें। पीडि़त के अनुसार आखिरकार राजकीय कृषि रक्षा इकाई फैजबाग के प्रभारी को किसान को बीज देने में दिक्कत क्या है। उधर राजकीय कृषि रक्षा इकाई फैजबाग के प्रभारी धर्मेंद्र कुमार से दूरभाष के जरिए संपर्क करने की कोशिश की, परंतु अपरिहार्य कारणों से संपर्क नहीं हो सका था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *