
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। बीते १ अक्टूबर को पुरानी पेंशन बहाली को लेकर देशव्यापी आंदोलन दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित हुआ था। पेंशन बचाओ महाशंखनाद रैली में लाखों लोगों ने प्रतिभाग किया। जनपद फर्रुखाबाद से प्रदेश संयुक्त मंत्री ज्ञानप्रकाश त्रिपाठी के नेतृत्व में सैकड़ों लोग दिल्ली रैली में पहुंचे। वहीं अटेवा के जिलाध्यक्ष नरेन्द्र सिंह जाटव के नेतृत्व में सैकड़ों शिक्षक, कर्मचारी टे्रन से दिल्ली पहुंचे। जिला प्रभारी मुनेन्द्र सिंह मधुवन के साथ कायमगंज के बड़ी संख्या में शिक्षक साथियों ने दिल्ली रैली में आयोजित आंदोलन में भाग लिया।
दिल्ली के रामलीला मैदान में देश भर के कर्मियों ने अपनी मांगों को लेकर हुंकार भरी। राज्य और केंद्र सरकार के कर्मचारियों से खचाखच भरा हुआ रामलीला मैदान पुरानी पेंशन बहाली की मांग कर रहा था। समाजवादी पार्टी व आम आदमी पार्टी के अलावा किसान यूनियन ने भी पुरानी पेंशन बहाली की मांग करते हुए आंदोलन में नेताओं ने भाग लिया। सभी ने एक स्वर में कहा कि सरकार अपनी जिद छोड़े। जिसमें एनएमओपीएस के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय कुमार बंधु ने कहा कि पुरानी पेंशन कर्मियों का अधिकार है। सरकार से हक मांग रहे है खैरात नहीं। सरकारी कर्मियों और पेंशनरों और उनके रिश्तेदारों को मिलाकर यह संख्या १० करोड़ के पार चली जाती है। चुनाव में उलटफेर करने के लिए यह संख्या निर्णायक साबित होगी। प्रदेश संयुक्त मंत्री ज्ञानप्रकाश त्रिपाठी ने कहा कि पंजाब, हिमाचल, राजस्थान, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, झारखण्ड आदि राज्यों में पुरानी पेंशन बहाल हो चुकी है। जब भारत आर्थिक रुप से मजबूत हो चुका है तो पेंशन क्यों नहीं बहाल की जा रही है। इस मौके पर प्रतिभाग करने वाले सुधीर पाल, विजेन्द्र मथुरिया, महाराज सिंह, देवेन्द्र कुमार, हिमांशु शुक्ला, गौरव शाक्य, विमलेश शाक्य, फूल सिंह सहित शिक्षकों ने भाग लिया।
