नगर पालिका के खिलाफ आक्रोश
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। बढ़पुर अल्हानगर क्रिश्चियन इंटर कालेज मैदान में रहने वालों ने पानी निकासी का निस्तारण हेतु नगर पालिकाध्यक्ष व अधिशासी अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। वार्ड नम्बर 5 के सभासद धर्मेन्द्र कनौजिया ने नगर पालिका से मांग की है कि बढ़पुर बगिया क्रिश्चियन मैदान, मलिन बस्ती आदि में मामूली बरसात में घरों में पानी घुस जाता है। मोहल्लों में रहने वाले नागरिकों को कठिनाई का सामना करना पड़ता है। वहां के वाशिंदे मकान छोडक़र किराये पर रहने पर चले जाते है। वर्ष 2012 में लगातार तालाब के पानी की निकास व सुंदरीकरण व जलभराव की समस्या की मांग उठायी जाती रही है, लेकिन अभी तक स्थाई निस्तारण नहीं किया गया है। केवल नगर पालिका की ओर से आश्वासन मिला है। समस्या जस की तस है। बरसात होने पर मात्र एक अस्थायी पम्पसेट लगाकर निजी क्षेत्र खेराताल में पानी निकाल दिया जाता है। जबकि समाधान ढूंडने का प्रयास नहीं किया जा रहा है। इसी तरह फर्रुखाबाद-फतेहगढ़ मार्ग पर कई जगह पानी भर जाता है उसके लिए भी पानी निकास की व्यवस्था नहीं की गई है। ऐसे में लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। नगर पालिका पर लगातार लोगों का गुस्सा फूटने से आने वाले चुनाव में इसका असर देखने को मिलेगा। इस बार जनता काम चाहती है। चुनावी वादों पर भरोसा नहीं, बल्कि धरातल पर समस्या का समाधान हो। नहीं तो लोग प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होगें।
बढ़पुर अल्हानगर के निवासियों के घरों में घुसा पानी
