निजी दुकानदार ने शौचालय पर कर रखा है कब्जा
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। झमाझम बारिश में नगर के कई विद्यालय व सडक़ें जलमग्न हो गयी। पानी बरसने के कारण विद्यालयों की सडक़ों पर पानी भर गया। क्रिश्चियन इंटर कालेज के सामने अभी तक नाला न बनने के कारण बरसात में पानी भरा रहता है, जिससे छात्रों का पठन-पाठन बाधित रहता है। कई बार प्रबंधक व प्रधानाचार्य नाला बनवाने हेतु नगर पालिका को लिखित में भी दे चुके है, उसके बावजूद अभी तक नाला नहीं बना है और क्रिश्चियन इंटर कालेज के पास बने शौचालय पर पड़ोसी दुकानदार ने अतिक्रमण कर रखा है। ऐसे में नगर पालिका असहाय दिख रही है, आज तक कार्यवाही नहीं हुई है और सुलभ शौचालय भी जीर्ण-क्षीर्ण अवस्था में है। नगर पालिका द्वारा कई बार बताया गया कि देखरेख करने के लिए कर्मचारी तैनात है, फिर भी बदबूदार शौचालय में आम आदमी व राहगीर जाने से गुरेज कर रहा है। सफाई व्यवस्था के नाम पर देखना है तो सुलभ शौचालय की गंदगी ही काफी है। पास में बरसात का पानी सडक़ तक भर जाता है और स्कूली बच्चे पठन-पाठन के लिए विद्यालय में नहीं जा पाते है और पानी में घुसकर शिक्षकों को भी विद्यालय पहुंचना पड़ रहा है। बजट पास होने के दौरान करोड़ों के प्रस्ताव पास हो जाते है पर मुख्य मार्ग की दुर्दशा सुधारने के लिए कभी सोंचा भी नहीं गया है। अधिशासी अधिकारी को कई बार शौचालय के बारे में बताया गया फिर भी सफाई व्यवस्था चौपट है। सफाई नायक नंदकिशोर खानापूर्ति करते है और अधिकांश गंदगी पड़ी रहती है। सफाई व्यवस्था की वानिगी वर्षों में जब देखने को मिलती है जब क्रिश्चियन फिल्ड में मुख्यमंत्री का कार्यक्रम लगता है, उससे पहले कभी भी सफाई धरातल में देखने को नहीं मिलती है। जिम्मेदार लोग अपनी जिम्मेदारी से भटक रहे है। जिस कारण बच्चों की शिक्षण व्यवस्था बरबाद होती जा रही है। यही नजारा शहर के कई मोहल्लों का है जहां जरा सी बरसात में पानी भर जाता है।
बारिश के चलते क्रिश्चियन इंटर कालेज में भरा पानी
