फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। गंगा के साथ रामगंगा का जलस्तर बढ़ गया है। 48 घंटे में 2 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। जिससे जलस्तर चेतावनी बिंदु से मात्र 30 सेमी दूर रह गया है।
पिछले एक माह से गंगा नदी खतरे के निशान से ऊपर चल रही हैं। अमृतपुर क्षेत्र में गंगा के बढ़े जलस्तर से बाढ़ का प्रकोप भी बना हुआ है। रामगंगा नदी जो की अमृतपुर क्षेत्र से होकर गुजरती हैं। वह भी उफान पर आ गई हैं। पिछले 48 घंटे में रामगंगा नदी का जलस्तर 1 मीटर यानी 3 फीट से ज्यादा बढ़ गया है। मंगलवार सुबह को रामगंगा नदी का जलस्तर 135.30 सेंटीमीटर था। गुरुवार सुबह जलस्तर बढक़र 136.30 सेंटीमीटर पहुंच गया है। अब रामगंगा नदी चेतावनी बिंदु से मात्र 30 सेंटीमीटर दूर है। रामगंगा नदी में खो, हरेली, रामनगर बेराज से मंगलवार सुबह 38197 क्यूसेक, मंगलवार शाम 47534 क्यूसेक, बुधवार सुबह 49110 क्यूसेक, बुधवार शाम 37543 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। गुरुवार सुबह भी 27582 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। अगर पिछले 48 घंटे में कुल छोड़े गए पानी की बात की जाए तो 199957 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। जिससे रामगंगा नदी में उफान आ गया है। इसका असर अमृतपुर क्षेत्र में पडऩा स्वाभाविक है। अमृतपुर तहसील क्षेत्र में रामगंगा का जलस्तर बढऩे से अल्हादपुर भटौली, असलानपुर, कोला सोता, हरपालपुर, हीरानगर, रामनगर, चपरा, अमैयापुर सहित दर्जन भर गांव प्रभावित होने की संभावना जताई गई है।
रामगंगा नदी उफान पर, चेतावनी बिन्दु के करीब पहुंचा जलस्तर
