राहत कार्यों की समीक्षा करने पहुंचे जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह

डीएम के कार्यों को सराहा, विधायक सुशील शाक्य बोले सरकार हर संभव मदद को तैयार

अमृतपुर, समृद्धि न्यूज। अमृतपुर क्षेत्र में बाढ़ प्रभावित गांवों की दुश्वारियों का जायजा लेने रविवार को उत्तर प्रदेश सरकार के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ग्राम जमापुर पहुंचे। यहां उन्होंने बाढग़्रस्त ग्रामीणों से भेंट कर उनका हालचाल जाना तथा स्वयं हाथों से राहत सामग्री वितरित की। मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार संकट की इस घड़ी में हर क्षण जनता के साथ खड़ी है और किसी को भी भूखा या बेसहारा नहीं रहने दिया जाएगा। राहत कार्यों का नेतृत्व कर रहे जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी की मंत्री ने सराहना की। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि राहत वितरण और बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए भोजन, पेयजल, चिकित्सा सुविधा तथा पशुओं के चारे की व्यवस्था करने हेतु विशेष टीमों का गठन किया है। इस अवसर पर अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य ने भी ग्रामीणों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि सरकार व प्रशासन पूरी तरह सतर्क है तथा बाढ़ पीडि़तों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने आश्वस्त किया कि फसलों और मकानों के नुकसान का आंकलन कर प्रभावित किसानों व परिवारों को मुआवजा दिलवाया जाएगा। कार्यक्रम में पूर्व विधायक कुलदीप गंगवार भी उपस्थित रहे। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और भरोसा दिलाया कि संकट की इस घड़ी में क्षेत्र का प्रत्येक व्यक्ति उनके साथ खड़ा है। गंगा व रामगंगा नदियों के उफान से अमृतपुर क्षेत्र के अनेक गांव जलमग्न हो चुके हैं।
खेतों की फसलें बर्बाद हो गई हैं और लोगों को अपने घरों से निकलकर ऊंचे स्थलों पर शरण लेनी पड़ रही है। जिला प्रशासन लगातार नावों की मदद से बाढ़ प्रभावित गांवों में राहत सामग्री पहुंचा रहा है तथा बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को प्राथमिकता के आधार पर सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया जा रहा है। जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह का यह दौरा बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों के लिए राहत और विश्वास का संचार करने वाला सिद्ध हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *