WCL 2025: पाकिस्तान के खिलाफ भारत नहीं खेलेगा सेमीफाइनल, नाम लिया वापस

समृद्धि न्यूज। विश्व चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स 2025 का पहला सेमीफाइनल मुकाबला भारत और पाकिस्तान के बीच गुरुवार को खेला जाना था। इससे पहले भारतीय खिलाडिय़ों ने पाकिस्तान के खिलाफ सेमीफाइनल मैच खेलने से इनकार कर दिया। इंडिया चैंपियंस ने टूर्नामेंट से अपना नाम वापस ले लिया है, ऐसे में पाकिस्तान अब सीधे टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंच गया है। मंगलवार को युवराज सिंह की अगुआई वाली भारत चैंपियंस टीम ने वेस्टइंडीज चैंपियंस को पांच विकेट से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई थी।
इंडिया चैंपियंस ने वल्र्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स-2025 से आधिकारिक तौर पर अपना नाम वापस ले लिया है। यह फैसला पाकिस्तान के खिलाफ खेलने से इनकार करने के बाद लिया गया। भारत ने पहले ही साफ कर दिया था कि वह इस टूर्नामेंट में पाकिस्तान के खिलाफ कोई मैच नहीं खेलेगा। पहले लीग स्टेज में भारत-पाकिस्तान मैच रद्द हो गया था। और अब सेमीफाइनल से पहले भी भारतीय टीम ने पाकिस्तान के खिलाफ नहीं खेलने का फैसला किया, जिसके चलते वह टूर्नामेंट से बाहर हो गई है।
भारत और पाकिस्तान के बीच 31 जुलाई को सेमीफाइनल मुकाबला खेला जाना था। हालांकि, शिखर धवन, इरफान पठान, हरभजन सिंह, युवराज सिंह, सुरेश रैना जैसे दिग्गजों वाली भारतीय टीम ने इस मैच में खेलने से इनकार कर दिया है। यह पहला मौका नहीं है जब भारतीय टीम ने इस टूर्नामेंट में पाकिस्तान के खिलाफ मैच का बहिष्कार किया है। इससे पहले भारत ने लीग राउंड के दौरान पाकिस्तान से मुकाबले का बहिष्कार किया था और खेलने से इनकार कर दिया था। वहीं, दूसरे सेमीफाइनल में एबी डिविलियर्स की अगुआई वाली दक्षिण अफ्रीका चैंपियंस टीम ब्रेट ली की अगुआई वाली ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस टीम से 31 जुलाई को ही भिड़ेगी।
इस साल अप्रैल में पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ा है। जिसके चलते लीग स्टेज में भारत-पाकिस्तान मैच को रद्द करने का फैसला भारतीय खिलाडिय़ों के कड़े विरोध के बाद लिया गया था। पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुरेश रैना और शिखर धवन जैसे खिलाडिय़ों ने साफ कर दिया था कि वे इस मैच में हिस्सा नहीं लेंगे। सेमीफाइनल मैच से पहले भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला। स्पोट्र्स तक की एक रिपोर्ट के मुताबिक, वल्र्ड चैंपियनशिप ऑफ लेजेंड्स से भारत से नाम वापस ले लिया है। ऐसे में पाकिस्तान अब सीधे टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंच गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *