समृद्धि न्यूज। भारत और पाकिस्तान के बीच खेले जाने वाले एशिया कप के मुकाबले को लेकर कयासों का दौर जारी है। भारतीय प्रशंसकों की मांग है कि टीम इंडिया को पाकिस्तान के खिलाफ नहीं खेलना चाहिए। एशिया कप 2025 का सबसे बड़ा मुकाबला भारत-पाकिस्तान की टीमों के बीच 14 सितंबर को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होने वाला है। भारतीय क्रिकेट टीम इस टूर्नामेंट में हिस्सा लेने के लिए सितंबर में संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) जाएगी। जहां वह गु्रप-ए में अपनी शुरुआत 10 सितंबर को यूएई के खिलाफ करेगी और इसके बाद 14 सितंबर को चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से भिड़ेगी, लेकिन सबसे बड़ा सवाल ये है कि क्या टीम इंडिया इस टूर्नामेंट में पाकिस्तान के खिलाफ मैच खेलेगी। अमीरात क्रिकेट बोर्ड के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर (सीओओ) का मानना है कि एशिया कप में ऐसी स्थिति उत्पन्न होने की संभावना नहीं है।
दोनों देशों के बीच तनाव के बाद कई भारतीय फैंस का मानना है कि टीम इंडिया को पाकिस्तान के खिलाफ नहीं खेलना चाहिए। वल्र्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स में भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला था, लेकिन एमिरेट्स क्रिकेट बोर्ड के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर सुभान अहमद के मुताबिक, एशिया कप में इन दोनों टीमों के बीच मैच खेला जाएगा, सुभान के हवाले से कहा, हम कोई गारंटी नहीं दे सकते, लेकिन एशिया कप की तुलना डब्लूसीएल जैसे निजी आयोजन से करना ठीक नहीं है। जब एशिया कप में खेलने का फैसला लिया जाता है, तो पहले से सरकारी अनुमति ली जाती है। देशों के कार्यक्रम की घोषणा करने से पहले यह निश्चित रूप से किया गया है। इसलिए उम्मीद है कि हम डब्ल्यूसीएल जैसी स्थिति में नहीं होंगे। हालांकि, अब तक इस पूरे मामले पर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की तरफ से कोई जानकारी नहीं दी गई है।
एशिया कप 2025 टी20 फॉर्मेट में खेला जाएगा, जो 2026 टी20 वल्र्ड कप की तैयारियों के लिए अहम है, इस बार टूर्नामेंट में आठ टीमें हिस्सा ले रही हैं। भारत और पाकिस्तान गु्रप-ए में यूएई और ओमान के साथ हैं, जबकि गु्रप-बी में श्रीलंका, बांग्लादेश, अफगानिस्तान और हांगकांग शामिल हैं। अगर दोनों टीमें सुपर फोर और फाइनल में पहुंचती हैं, तो भारत और पाकिस्तान के बीच तीन बार मुकाबला हो सकता है।
एशिया कप 2025 में भारत-पाकिस्तान मैच क्या होगा रद्द, अमीरात बोर्ड के अधिकारी ने दिया जवाब
