चुनाव से एक दिन पहले सदस्य पद प्रत्याशी सुधांशु बाजपेई का ऐलान
समृद्धि न्यूज़ अयोध्या। आगामी बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश के चुनाव में अपनी किस्मत आजमा रहे प्रत्याशियों ने चुनाव के एक दिन पूर्व बुधवार को शाम ढलने तक पूरे जोश-ओ-खरोश से कचहरी परिसर में सघन जनसंपर्क किया।अधिवक्ताओं के बीच अपनी गहरी पैठ और मजबूत पकड़ बनाने को लेकर प्रत्याशियों के बीच होड सी दिखाई दी।इसी क्रम में फैजाबाद बार एसोसिएशन के पूर्व उपाध्यक्ष तथा बार काउंसिल आफ उत्तर प्रदेश के चुनाव में इस बार सदस्य पद के प्रत्याशी सुधांशु कुमार बाजपेई ने अधिवक्ताओं के बीच सघन जनसंपर्क किया और अपने पक्ष में मतदान की अपील की।जनसंपर्क के बाद औपचारिक मुलाकात के दौरान अधिवक्ताओं के हित से जुड़ी प्राथमिकताओं के सवाल का जवाब देते हुए श्री वाजपेई ने बताया कि आज के परिवेश में अधिवक्ता न केवल असुरक्षित हो कर जीवन जी रहा है बल्कि आए दिन उसे समाज में दबंगों की दबंगई और शासन प्रशासन की अपेक्षाओं का सामना करना पड़ रहा है।हालात यह हो गए हैं कि किसी भी पीड़ित अधिवक्ता के समर्थन में अधिवक्ता समाज के अलावा किसी भी वर्ग का कोई प्रतिनिधि खड़ा होने से गुरेज कर रहा है।ऐसी परिस्थिति में अधिवक्ताओं की सुरक्षा के लिए “एडवोकेट प्रोटेक्शन बिल” को लागू किया जाना नितांत आवश्यक हो गया है।इसके लिए उत्तर प्रदेश में “एडवोकेट प्रोटेक्शन बिल” शीघ्र पारित कराने हेतु शीघ्र ही जिला स्तर पर धरना प्रदर्शन की शुरुआत की जाएगी।श्री वाजपेई ने बिना किसी गुरेज के दो टूक शब्दों में इस बात को साफ कर दिया कि चुनाव का परिणाम कुछ भी हो, लेकिन अधिवक्ता समाज के हर साथी के सुख-दुख और लड़ाई में उनकी तन,मन और धन से शिरकत रहेगी।अधिवक्ताओं के लिए मेडिकल सुविधा उपलब्ध कराए जाने के बारे में श्री वाजपेई ने बताया कि समाज में कई ऐसे वर्ग हैं जिन्हें सरकार की ओर से इलाज में रियायत दिए जाने की व्यवस्था की गई है किंतु हमारा ‘अधिवक्ता समाज’ आज भी इन सुविधा से वंचित है।हमारा यह प्रयास है कि अधिवक्ताओं के लिए जल्द से जल्द आयुष्मान योजना की शुरूआत की जाए तथा प्रयास करके अधिवक्ता समाज को भी वह सारी मेडिकल सुविधाएं उपलब्ध कराई जाए जो सरकार की ओर से समाज के अन्य वर्गों को उपलब्ध कराई जा रही है।वयोवृद्ध अधिवक्ताओं के के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि जनसंपर्क के दौरान कई जिलों में यह देखने में आया है कि औसत तादात में ऐसे भी सम्मानित अधिवक्ता जनों की उपस्थित बार एसोसिएशन और न्यायालयों में रहती है जो न केवल शारीरिक रूप से कमजोर हो चुके हैं बल्कि वयोवृद्ध भी है। 70 वर्ष से अधिक आयु के ऐसे सम्मानित अधिवक्ता जनों के लिए पेंशन योजना लागू करने की योजना है जिस पर जल्द ही प्रयास शुरू कर दिया जाएगा।
युवा अधिवक्ताओं के लिए योजना से जुड़े सवाल का जवाब देते हुए श्री वाजपेई ने कहा कि हमारे युवा अधिवक्ता भाई, अधिवक्ता समाज की वह बुनियाद है जिनके ऊपर पूरे अधिवक्ता समाज की जिम्मेदारी है।उन्होंने बताया कि उनका यह प्रयास रहेगा की जल्द से जल्द पांच वर्ष से कम अनुभव के कनिष्ठ अधिवक्ताओं की लाइब्रेरी के लिए पांच हजार रुपए दिलाया जाए।अधिवक्ता समाज के सामूहिक हित से जुड़ी योजना के एक सवाल का जवाब देते हुए श्री वाजपेई ने बताया कि उनका यह प्रयास है कि उत्तर प्रदेश के सभी अधिवक्ताओं को सामान्य बीमा योजना का लाभ दिलाया जाए तथा उनके मृत्योपरांत अधिवक्ताओं के परिवार के लिए तात्कालिक रूप से बीमा राशि प्रदान करा दी जाए।
