नवाबगंज, समृद्धि न्यूज। हाईटेंशन लाइन का तार टूटने से किसान की फसल जलकर राख हो गयी। सूचना पाकर मौके की ओर दौड़े ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन की मदद से किसी तरह आग पर काबू पाया।
जानकारी के अनुसार नवाबगंज थाना क्षेत्र के गांव चंदनी निवासी पप्पू सक्सेना पुत्र रामदास सक्सेना का खेत गांव से लगभग आधा किलोमीटर की दूरी पर है। जिसमें किसान पप्पू सक्सेना की सात बीघा गेहूं की फसल तैयार खड़ी थी। जिसके ऊपर से हाईटेंशन लाइन का तार निकला हुआ था, जो अचानक टूट कर गेहूं की फसल के ऊपर गिर गया। जिससे फसल धू-धू कर जलने लगी। आग लपटें देख ग्रामीण मौके की ओर दौड़े। चीख पुकार सुनकर गांव चंदनी, दौलतुर, नगला दमोह, इमादपुर के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गये और आग बुझाने का प्रयास करने लगे, तभी किसी ग्रामीण ने सूचना थाना अध्यक्ष नवाबगंज अमोद कुमार को दी। सूचना पाकर दलबल के साथ मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी अमोद कुमार ने फायर ब्रिगेड को सूचना की। वहीं नगर पंचायत अध्यक्ष अनिल राजपूत भी मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक ग्रामीणों ने पड़ोस में लगी समरसेबल पंप आदि से कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पा लिया, लेकिन तब तक काफी फसल जल चुकी थी। पीडि़त किसान के मुताबिक सात बीघा गेहूं में लगभग एक बीघा गेहूं बचा है, बाकी सब जलकर राख हो गया। थानाध्यक्ष अमोद कुमार तथा अध्यक्ष अनिल राजपूत ने क्षेत्रीय लेखपाल को सूचना दी। सूचना के आधार पर क्षेत्रीय लेखपाल ने बताया की पीडि़त किसान को जल्द ही सरकारी सहायता दिलाए जाने का कार्य किया जाएगा।
चौकीदार की गेहूं की फसल में लगायी आग, मुकदमा दर्ज
नवाबगंज। चौकीदार की गेहूं की फसल में दबंगों ने आग लग दी। जिससे चार बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गयी। चौकीदार की तहरीर पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। थाना क्षेत्र के वीरपुर गांव निवासी राजाराम गांव का चौकीदार है। उसके गांव के पीछे चार बीघा जमीन में गेहूं की फसल खड़ी हुई थी।18 अप्रैल की रात्रि गांव के ही मनोज पुत्र रामअवतार, राम बेटी पत्नी रामअवतार और राम अवतार ने उसके खेत में पुरानी रंजिश के चलते आग लगा दी। जिससे उसकी गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। चौकीदार की तहरीर पर बीती रात तीनों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
