टेंट का सामान उतारते समय लोहे का पोल एचटी लाइन से छुआ, चार झुलसे

फर्रुखाबाद/नवाबगंज, समृद्धि न्यूज। टेंट का सामान उतारते समय लोहे का पोल ऊपर से गुजरी हाईटेंशन लाइन से छू गया। जिससे चार लोग झुलस गये। जिन्हें पहले सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां से उन्हें लोहिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार नवाबगंज थाना क्षेत्र के राजा रामपुर मेई गांव में शनिवार को स्व0 दयाराम वाल्मीकि की बेटी रेशमा की बारात आनी थी। शादी की तैयारियों के दौरान टेंट का सामान उतारते समय लोहे का एक पाइप ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से छू गया। जिससे पाइप में करंट दौड़ गया। इस घटना में दीपक, लडक़ी का ९ वर्षीय भतीजा देव पुत्र दीपक, ७ वर्षीय युवराज पुत्र जगराम निवासीगण राजारामपुर मेई झुलस गये। इसके अलावा राजपाल पुत्र होतीलाल निवासी दनिया मानपुर थाना नवाबगंज भी झुलस गये। सभी घायलों को लोहिया अस्पताल ले जाया गया। जहां इमरजेंसी में भर्ती कर सभी का उपचार शुरु किया गया। घटना के बाद अफरा-तफरी मच गयी। परिवार के सदस्यों ने बताया कि गनीमत रही कि करंट लगने के बाद पाइप तुरंत विद्युत लाइन से अलग हो गया। जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। इमरजेंसी में ड्यूटी कर रहे चिकित्सक ने बताया करंट की चपेट में आए एक युवक सहित तीन बालक आए हुए हैं। सभी को भर्ती कर उपचार शुरु कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *