उन्नाव, समृद्धि न्यूज। पुरवा कोतवाली क्षेत्र में बीमार पिता की मौत के 24 घंटे के अंदर उनकी पत्नी की सड़क हादसे में मौत हो गई। यह घटना तब हुई जब पत्नी अपने पति के अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रही थीं।
जानकारी के अनुसार पुरवा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मदारपुर निवासी हेमचंद कई दिनों से बीमार चल रहे थे। इलाज के लिए वह बीघापुर थाना क्षेत्र के ग्राम सराय कटरी स्थित अपनी बहन रामरती के घर गए थे। बीते दिन बीमारी के कारण उनकी मौत हो गई।
पति की मौत की सूचना मिलने पर उनकी पत्नी मुन्नी देवी अपने बेटे अमित के साथ बाइक से सराय कटरी गांव के लिए निकलीं। वह पति के अंतिम दर्शन के लिए जा रही थी। जहा पुरवा क्षेत्र के खिन्नी मोड़ के पास एक तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। जिससे मां-बेटा सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
वहीं राहगीरों ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुरवा पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने मुन्नी देवी को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल बेटे अमित का उपचार चल रहा है। हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया ।
इस घटना से परिवार में मातम छा गया है। माता-पिता दोनों को खोने के बाद 19 वर्षीय बेटी मोनी, 22 वर्षीय अंकित और बड़ी बेटी सोनी रो रो कर हाल बेहाल हैं।
पति के अंतिम संस्कार में जा रही पत्नी की सड़क हादसे में मौत, बेटा घायल
