केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति व जिला प्रशासन के दल ने संयुक्त रूप से किया विसर्जन स्थल का निरीक्षण।
समृद्धि न्यूज़ अयोध्या।नवरात्रि प्रारंभ होते ही केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति और जिला प्रशासन महोत्सव के साथ विसर्जन की तैयारियों में भी जुट गया है।इसी क्रम में सोमवार को जिला प्रशासन और केंद्रीय समिति का एक संयुक्त दल ने विसर्जन स्थल निर्मली कुंड का निरीक्षण किया।अपर जिलाधिकारी नगर सलिल कुमार पटेल,अपर नगर आयुक्त शशि भूषण राय तथा नगर मजिस्ट्रेट अरविंद कुमार द्विवेदी ने सिंचाई विभाग और नगर निगम के अधिकारियों को विसर्जन घाट के निरीक्षण के समय निर्देश देते हुए कहा कि दुर्गा पूजा समितियों को विसर्जन में किसी प्रकार की समस्या न हो इसलिए विसर्जन घाट पर जो भी व्यवस्था की जा रही हैं उनकी गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए।इन अधिकारियों ने जोर देते हुए कहा कि विसर्जन घाट का निर्माण और पूर्व में की गई अन्य परंपरागत व्यवस्थाओ से इस बार बेहतर व्यवस्थाएं देनी है।केंद्रीय समिति के अध्यक्ष मनोज जायसवाल ने मांग उठाई कि इस बार विसर्जन का प्लेटफार्म डेढ़ सौ मीटर का बनाया जाए जिससे विसर्जन कार्य शीघ्रता से संपन्न हो सके। इसके साथ ही विसर्जन स्थल तक पहुंच मार्ग तथा विसर्जन घाट पर केंद्रीय समिति द्वारा कराए जाने वाले भंडारे और बैठने के लिए जो पंडाल लगाया जाता है,वह भी वाटरप्रूफ बनाया जाए।विसर्जन घाट की जमीन को भारी वाहनों के चलने योग्य बनाया जाए तथा प्रकाश,पेयजल और अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थाएं भी बहाल रखी जाए।सह संयोजक गगन जायसवाल ने कहा कि बरसात के मौसम को ध्यान में रखते हुए घाट को इस तरह से तैयार किया जाए कि बारिश होने की स्थिति में भी घाट को कोई क्षति न पहुंचे और विसर्जन कार्य भी बाधित न हो। विसर्जन घाट पर बैरिकेटिंग इस तरह से हो कि घाट के किनारे अनावश्यक भीड़ न जाने पाए। केंद्रीय समिति के घाट निर्माण प्रभारी संजय श्रीवास्तव ने कहा कि आने वाले दिनों में जलस्तर कम हो सकता है,इसलिए घाट निर्माण में इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए कि किसी भी स्थिति में विसर्जन के दिन पर्याप्त जल मौजूद रहे जिससे विसर्जन कार्य सुचारु रुप से चलता रहे। विसर्जन स्थल का निरीक्षण करने वालों में सहायक नगर आयुक्त अशोक कुमार गुप्ता,क्षेत्राधिकारी नगर शैलेंद्र सिंह,सिंचाई विभाग बाढ़ खंड के ऐ.ई राजनारायण तिवारी,जे.ई,नगर निगम के ऐ.ई रामपति यादव,जे.ई विनोद पटेल सहित केंद्रीय समिति के जे.एन. चतुर्वेदी,अखिलेश पाठक, बजरंगी साहू,सहित नगर निगम सिंचाई विभाग,कैंट बोर्ड सहित अन्य विभागों से जे.ई विजय कुमार और जे.ई अमित कुमार के साथ सोमनाथ,कमल,देवी प्रसाद, तमाम अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

