घर में मचा कोहराम, उपचार के लिए ले जाते समय रास्ते में हुई मौत
शमशाबाद, समृद्धि न्यूज। शमशाबाद थाना क्षेत्र की गंगा कटरी के ग्राम कटरी तौफीक निवासी शेर सिंह की लगभग 35 वर्षीय पत्नी पूनम बुधवार की सुबह चूल्हे पर खाना बना रही थी। इसी दौरान अचानक महिला के कपड़ों में आग लग गई। जब तक महिला कुछ समझ पाती तब तक आग विकराल हो गई और महिला धू-धू कर जलने लगी। हालांकि चिल्लाते हुए महिला ने खुद को बचाने की कोशिश की। इसी दौरान घबराए परिजनों ने महिला को बचाने की कोशिश की। कड़ी मशक्कत के उपरांत जैसे तैसे आग पर काबू पाया, लेकिन महिला गम्भीर रुप से जल गयी। आनन-फानन में महिला को उपचार हेतु कस्बे के अस्पताल में ले जाया गया। जहां से गंभीर हालत में महिला को लोहिया अस्पताल भेजा गया। यहां से भी चिकित्सकों द्वारा छिबरामऊ रेफर किया गया। मगर रास्ते में महिला की मौत हो गई। मौत की सूचना के बाद घर परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने बताया कि पूनम का शेर सिंह से 11 वर्ष पूर्व विवाह हुआ था। विवाह के बाद चार बच्चे हुए। शेर सिंह मेहनत मजदूरी कर परिवार का पालन पोषण कर रहा था।
खाना बनाये जाने के दौरान अचानक कपड़ों में लगी आग से महिला जली
