महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

ससुरालीजनों पर दहेज के लिए प्रताडि़त करने का आरोप
कमालगंज, समृद्धि न्यूज। महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी। मायके वालों ने ससुरालीजनों पर दहेज उत्पीडऩ का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की है।
जानकारी के अनुसार हरदोई जनपद के पिहानी थाना क्षेत्र स्थित गांव केलापुर्वा निवासी रामसनेही ने बताया कि उन्होंने अपनी 22 वर्षीय बेटी सारिका की शादी दो माह पूर्व कमालगंज थाना क्षेत्र के दौलतपुर निवासी रोहित कुमार से की थी। रामसनेही के अनुसार शादी के बाद से ही सारिका के ससुरालवाले अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताडि़त कर रहे थे। रामसनेही ने बताया कि दो दिन पहले उनकी बेटी से बात हुई थी। तब सारिका ने कहा था कि सब ठीक हो जाएगा। रविवार शाम को उन्हें सूचना मिली कि सारिका की तबीयत खराब है और उसे अस्पताल ले जाया जा रहा है। बाद में जब उन्होंने बेटी की हालत जानने के लिए ससुराल फोन किया तो किसी ने कॉल रिसीव नहीं किया। कुछ देर बाद उन्हें बताया गया कि सारिका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में है। जब रामसनेही वहां पहुंचे तो उनकी बेटी मृत अवस्था में मिली। उन्होंने बताया कि सारिका के ससुराल वाले मौके से फरार थे। इसके बाद उन्होंने मामले की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। कमालगंज थानाध्यक्ष अवध नारायण पांडेय ने बताया कि अभी तक इस मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *