मौत होते ही पति समेत अन्य परिजन शव छोडक़र भागे
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। संदिग्ध परिस्थितियों में महिला ने जहर खा लिया। पति ने उसे लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गयी। महिला की मौत होते ही पति समेत अन्य परिजन शव छोडक़र भाग गये। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार कायमगंज नगर से सटे गांव सुभानपुर निवासी रुबीना ३० वर्ष पत्नी शरीफ बंजारा ने संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ खा लिया। उसे पति व जेठ ने सीएचसी में भर्ती कराया। जहां हालत बिगडऩे पर लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया। लोहिया अस्पताल में चिकित्सक ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया। जिस पर पति व जेठ महिला के शव को छोडक़र भाग गये। आसपास के लोगों ने बताया कि मृतका रुबीना की शादी करीब आठ साल पहले हुई थी और उसके तीन बच्चे हैं। जिनकी उम्र क्रमश: छह वर्ष, चार वर्ष और 15 दिन है। छह वर्षीय बच्चा अपने दादा-दादी के साथ जयपुर में रहता है। लगभग तीन महीने पहले रुबीना घर छोडक़र चली गई थी। पति के प्रार्थना पत्र पर पुलिस ने उसे पंद्रह दिन पहले ही ससुराल वापस पहुंचाया था। घटना से दो-तीन दिन पहले उसका पति जयपुर गया था और गुरुवार को लौटा, लेकिन अपने बेटे को साथ नहीं लाया। घर पहुंचने पर किसी बात को लेकर रुबीना का अपने पति से विवाद हुआ। जिसके बाद उसने जहर खा लिया। कस्बा चौकी प्रभारी नागेंद्र सिंह ने बताया कि कादरीगेट चौकी से उन्हें महिला द्वारा जहर खाने से मौत होने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मृतका के मायके पक्ष को सूचना दे दी है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरा।
जहरीला पदार्थ खाने से महिला की उपचार के दौरान लोहिया में मौत
