सूचना पर पहुंचे भाई ने किया विरोध, पुलिस के पहुंचने से पूर्व जल गया शव
मायके वालों ने पुलिस को दी तहरीर, खबर लिखे जाने दर्ज नहीं हुआ मुकदमा
कायमगंज, समृद्धि न्यूज। कोतवाली क्षेत्र के गांव बराबिकू निवासी बंटी उम्र 30 पत्नी पंकज जोशी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। ससुरालीजनों का कहना था कि बेड से गिरकर उसकी हालत बिगड़ी थी। उसे एक निजी चिकित्सक को दिखाया। जिसने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की जानकारी मिलने पर जनपद शाहजहांपुर के थाना कलान के गांव रफियाबाद से मृतका का भाई सचिन सहित अन्य परिजन मायके पक्ष से गांव पहुंचे। जहां उन्होंने देखा कि ससुरालीजनों द्वारा खेत में उसकी बहन का शव जलाया जा रहा था, तो उन्होंने विरोध किया। जिस पर ससुरालीजन गाली-गलौज कर मारपीट पर आमादा हो गए।
सचिन ने सूचना डापल 112 पर काल कर पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची। लाश जलती देख पुलिस ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी। जिस पर हल्का इंचार्ज मोहित द्विवेदी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने उच्चाधिकारियों को घटना की जानकारी दी। दरोगा ने बताया लाश जल चुकी थी। उन्होंने बताया उनका आपसी समझौता हो गया था। उसके बाद शव जलाया गया, लेकिन बाद में मृतका के मामा के पहुंचने पर विरोध हुआ। मृतका के भाई सचिन ने बताया कि उसने अपनी बहन का विवाह पांच वर्ष पूर्व अपनी हैसियत से ज्यादा दान दहेज देकर किया था, लेकिन ससुरालीजन दिये गये दान दहेज से संतुष्ट नहीं थे तथा अतिरिक्त दहेज में पांच लाख रुपये और मांग रहे थे। इसके बाद दो लाख और दिये थे। इसके बाद भी और रुपयों की मांग कर बहन को परेशान करते थे। जिसके चलते शनिवार की रात उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। जब उसने फोन पर पोस्टमार्टम के लिए कहा तो ससुरालीजनों ने बिना बताए शव जला दिया। शव जलने के वीडियो भी पुलिस को दिए गए है। जिसमें काफी संख्या में ग्रामीण आसपास नजर आ रहे हैं। मृतका के भाई ने कोतवाली में तहरीर दी है, लेकिन अभी मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है।
संदिग्ध परिस्थितियों में महिला की मौत, ससुरालीजनों ने खेत में जलाया शव
