कमालगंज, समृद्धि न्यूज। संदिग्ध परिस्थितियों में ससुराल में महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वहीं सूचना पर पहुंचे मायके वालों ने हत्या करने का आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर कार्यवाही की जायेगी।
जानकारी के अनुसार कमालगंज थाना क्षेत्र के ग्राम ईसापुर निवासी आयशा पत्नी हासिम ने आज दोपहर संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगा ली। ससुरालवालों ने आयशा के पिता शाहनूर निवासी जरारी को फोन करके घटना की सूचना दी। जिस पर मायके पक्ष के लोग ईसापुर पहुंचे और वहां पर उन्होंने आयशा को बेड पर मृत अवस्था में पड़ा देखा। जानकारी करने पर उन्हें पता लगा कि आयशा ने फांसी लगा लगाकर आत्महत्या कर ली है। ससुराल वालों ने दरवाजा तोडक़र शव को फांसी के फंदे से नीचे उतारकर बेड पर लेटा दिया। मायके पक्ष के लोगों ने इस बात पर हंगामा करना चालू कर दिया और तुरंत एंबुलेंस द्वारा सीएचसी कमालगंज लेकर आए। जहां पर तैनात डॉक्टरों ने महिला को मृत्यु घोषित कर दिया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला के पति हाशिम एवं उसकी मां पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया एवं इस मामले की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है। मौके पर कई लोग दोनों पक्षों में समझौता करवाने का प्रयास कर रहे हैं। खबर लिखे जाने तक दोनों पक्षों में समझौता नहीं हुआ है। मृतका की शादी 12 वर्ष पूर्व मुस्लिम रीति रिवाज के साथ हुई थी। मृतका के पांच बच्चे हैं।
महिला ने फांसी लगाकर दी जान, मायके वालों ने हत्या करने का लगाया आरोप
