गोली लगने से घायल महिला की उपचार के दौरान मौत


बीते दिनों देवर द्वारा गोली मार देने का मामला हुआ था दर्ज
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। बीते दिनों गोली लगने से घायल हुई महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई। जानकारी होने पर परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
जानकारी के अनुसार कोतवाली फतेहगढ़ के सिविल लाइन निवासी वसंती पत्नी संजीव के २१ मई की रात्रि देवर प्रदीप ने गोली मार दी थी। जिससे वसंती गंभीर रुप से घायल हो गयी थी। उपचार के लिए लोहिया में भर्ती कराया गया था। जहां से चिकित्सक ने सैफई के लिए रेफर कर दिया था। उपचार के दौरान वसंती की मौत हो गई। इस घटना से मृतका की पुत्री वंदना, पुत्र अनुज आदि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। इससे पूर्व जनपद कन्नौज थाना तालग्राम के त्योरी निवासी रुपा देवी पत्नी स्व0 शम्भूदयाल ने पुत्री के पति पर हत्या करवाने का आरोप लगाते हुए देवर प्रदीप के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। जिसमें दर्शाया था कि उनकी पुत्री वसंती का पति संजीव शराब पीने का आदी है। २० मई की रात संजीव पुत्री के जेवर शराब पीने के लिए उठाकर ले जा रहा था, उसे रोकने को लेकर विवाद हो गया था तो संजीव जान से मारने की धमकी दी थी। २१ मई की रात्रि पुत्री बच्चों के साथ दरवाजे पर सो रही थी, तभी रात्रि में देवर प्रदीप आया और पुत्री के गोली मार दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार भी कर लिया था। शनिवार को उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *