फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। तनाव में आकर एक महिला ने गंगा में छलांग लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। गोताखोरों की तत्परता से महिला की जान बच गयी। उसे लोहिया अस्पताल में भर्ती किया गया है।
जानकारी के अनुसार औरैया जनपद के बिधूना स्थित ट्रांसफार्मर वाली गली निवासी राकेश चंद्र गुप्ता की पत्नी राममोहिनी बीते शुक्रवार को अपनी बेटी साधना जो कन्नौज जिले के सिकंदरपुर कस्बे में रहती है, के पास आई थीं। मंगलवार सुबह वह अचानक घर से निकलीं और पांचाल घाट पहुंच गईं। वहां पहुंचते ही उन्होंने गंगा नदी में छलांग लगा दी। मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने यह दृश्य देखा तो शोर मचाया। इस बीच घाट पर मौजूद गोताखोरों ने तुरंत नदी में कूदकर महिला को बाहर निकाल लिया। इसके बाद घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और महिला को लोहिया अस्पताल भिजवाया। जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया। पुलिस ने बताया कि महिला मानसिक तनाव में थी। जिसके चलते उसने यह कदम उठाया। महिला का उपचार जारी है।
महिला ने लगायी गंगा में छलांग, गोताखोरों ने बचाया
