नवजात का शव लेकर 7 घंटे सारनाथ थाने में बैठी रही महिला

सारनाथ। पोस्टमार्टम करवाने के लिए नवजात का शव लेकर एक महिला 7 घंटे तक सारनाथ थाने पर बैठी रही। सारनाथ थाने पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने महिला पर ध्यान ही नहीं दिया। सुबह 11 बजे से थाने पर बैठी मालती देवी पर शाम लगभग छह बजे पुलिसकर्मियों को तरस आया और उन्होंने नवजात का शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। सरायमोहाना की रहने वाली मालती देवी ने बताया कि उनके पट्टीदार रास्ते के विवाद को लेकर अकसर मारने-पीटने की धमकी देते रहते हैं। पिछले दिनों उन लोगों ने हम लोगों के साथ मारपीट की। सारनाथ थाने में मुकदमा दर्ज हुआ था। मालती देवी ने बताया कि उनके पति सिकंदर की मौत के बाद से गांव में जमीन को लेकर पड़ोसी शमशेर, राजेश, शुभम, और लल्लन से विवाद चल रहा था। अक्सर इन पड़ोसियों के साथ झगड़े होते रहते थे। शनिवार को जब मालती अपनी बहू पूनम के साथ बाहर बैठी थी, तो पड़ोसियों ने टिप्पणी कर दी। विरोध करने पर विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, और मारपीट में गर्भवती पूनम को गंभीर चोटें आईं। आरोप है कि शमशेर और राजेश ने पेट पर लात मारी, जिससे उसके गर्भ में पल रहे बच्चे की मृत्यु हो गई। इसकी वजह से गत शनिवार को पूनम ने मृत बच्चे को जन्म दिया।   कमिश्नरेट के अफसरों ने एफआईआर दर्ज कर नवजात के शव का पोस्टमार्टम कराने का निर्देश सारनाथ थाने की पुलिस को दिया था। इसके बावजूद सारनाथ थाने की पुलिस ने अपने अफसरों के निर्देश पर ध्यान नहीं दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *