शौच गयी महिला की गोली मारकर हत्या

मृतका के भाई ने पति व उसके दो भाईयों पर दर्ज कराया हत्या का मुकदमा
एसपी ने मौके पर पहुंचकर की जांच पड़ताल
पति व पुत्र हिरासत में

फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। शौच गयी महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। खेत में शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी। पुलिस अधीक्षक ने घटना स्थल पर पहुंचकर पूछताछ की। फॉरेंसिक टीम ने भी घटना स्थल से साक्ष्य जुटाये। वहीं मृतका के मायके वालों ने पति व उसके दो भाईयों के विरुद्ध बहन की गोली मारकर हत्या कर देने का मुकदमा दर्ज कराया है। इस दौरान पुलिस ने मृतका के पति व उसके पुत्र को हिरासत में लिया है। दो आरोपी फरार है।
जानकारी के अनुसार थाना मऊदरवाजा के ग्राम गुतासी के मजरा सुल्तानपुर निवासी ३५ वर्षीय गीता देवी पत्नी अरुण कुमार सोमवार सुबह शौच करने के लिए खेतों की ओर गयी गई थी। जब वह लौटकर वापस नहीं आयी तो पुत्र परिजनों के साथ ढूंढऩे गये तो गीता का शव खेत में पड़ा था और पास में कारतूस के खोखे भी थे। सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष आमोद कुमार पुलिस के साथ घटना स्थल पर पहुंचकर जांच पड़ताल कर घटना से उच्चाधिकारियों को अवगत कराया। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक विकास कुमार व अपर पुलिस अधीक्षक संजय कुमार, सीओ सिटी प्रदीप कुमार, फॉरेंसिक टीम ने पहुंचकर जांच पड़ताल की। घटना की जानकारी होने पर मृतका का पुत्र आर्यन, पुत्री जानकी आदि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना के संदर्भ में मृतका के भाई दुर्वेश पुत्र स्व0 रामनिवास निवासी सुल्तानपुर पोस्ट बरझाला थाना शमशाबाद ने पुलिस को दी तहरीर में दर्शाया कि ३१ जुलाई को सुबह लगभग ६ बजे राजीव कुमार पुत्र सतीश चन्द्र ने फोन पर सूचना दी कि तुम्हारी बहन गीता का कत्ल कर दिया है। उसका शरीर काला पड़ गया है आकर देख लो। जब मंै परिजनों के साथ बहन के गांव गुतासी पहुंचे तो पता चला कि बहन की हत्या हो गई है और उसका शव खेत में पड़ा था। बहन के गले में दुपट्टा कसा था और पीठ पर गोली के निशान थे तथा उसके सिर में गोली मारी गई। पीडि़त ने दर्शाया कि बहन का पति अरुण कुमार आये दिन मारता पीटा था। मेरी बहन की हत्या पति अरुण व उसके भाई राजीव, प्रदीप ने की है। अरुण का बड़ा भाई ३० जुलाई को दोपहर २ बजे सुल्तानपुर आया था और इधर उधर की बाते कर वापस चला गया था। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मृतका के पति व उसके दोनों भाईयों के विरुद्ध धारा ३०२, २०१ के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया। वहीं पुलिस ने मृतका के पति अरुण व पुत्र को हिरासत में ले लिया है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *