बाइक से गिरकर महिला की मौत, बच्ची घायल

 बाइक से नीम करोरी स्टेशन जा रही थी मृतका
नवाबगंज, समृद्धि न्यूज। भाई के साथ बाइक पर बैठकर ससुराल जा रही महिला बाइक से गिर गयी। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि गोद में बैठी बच्ची घायल हो गयी। सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार नवाबगंज थाना क्षेत्र के गांव करनपुर बांसमई के मजरा करणपुर निवासी अर्चना देवी पुत्री गणेश प्रसाद सक्सेना अपने भाई बेताब तथा बाबा धनपाल के साथ बाइक पर बैठकर कोठारी मंदिर होते हुए नीम करोरी स्टेशन जा रही थी। जिससे वह स्टेशन से गाड़ी पकडक़र अपनी ससुराल सिरसागंज जा सके। बाइक बेताब चला रहा था। बीच में अर्चना देवी बच्ची सृष्टि को अपनी गोद में लिये बैठी थी, जबकि पीछे बाबा धनपाल बैठे थे। किसी तरह बाइक से अर्चना नीचे गिर गई और जब तक बाइक को रोका और देखा तो अर्चना गंभीर रूप से घायल थी तथा गोद में लिए बच्ची सृष्टि भी घायल हो गई थी। जिसको तुरंत निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सक ने अर्चना को मृत घोषित कर दिया और पुत्री को प्राथमिक उपचार देकर मृतका के पति नरेश को सौंप दिया। जैसे ही सूचना गांव करनपुर में मायके वालों को मिली, तो एकदम मौके की ओर लोग दौड़ पड़े। मौके पर पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। परिजनों ने बताया कि उनकी पुत्री आठ माह की गर्भवती भी थी। जिससे कि उसके पेट में पल रहा बच्चा भी मौत के मुंह में समा गया। सूचना पाकर ससुराल वाले भी मौके पर आये, लेकिन दोनों पक्षों ने बिना पुलिस को सूचना दिए ही अंतिम संस्कार कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *