प्रसूता वार्डों में सर्दी से ठिठुर रहीं महिलाएं और नवजात

नवाबगंज, समृद्धि न्यूज। क्षेत्र में गिरते तापमान और सर्द हवाओं के बीच सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती मरीज ठंड से ठिठुर रहे हैं। विशेषकर प्रसूता वार्डों में नवजात और उनकी माताएं सर्दी से बचाव के लिए पर्याप्त इंतजाम न होने के कारण परेशान हैं।
सीएचसी के वार्डों में हीटर की कोई व्यवस्था नहीं है, जबकि चिकित्सकों और नर्सिंग स्टाफ के कक्षों में दिन-रात हीटर चलते पाए गए। यह स्थिति मरीजों की सुरक्षा और सुविधा पर सवाल उठाती है। अस्पताल में भर्ती प्रसूताओं ने अपनी आपबीती सुनाई। सोनी और करुणा ने बताया कि प्रसव के बाद उन्हें कंबल तो मिला है, लेकिन कड़ाके की ठंड से राहत नहीं मिल रही है। उन्होंने हीटर की आवश्यकता पर जोर दिया ताकि उन्हें और उनके नवजात शिशुओं को कुछ सुकून मिल सके। राम प्रकाश ने भी अपने रिश्तेदार के प्रसव के बाद की स्थिति साझा की। उन्होंने बताया कि मिला कंबल प्रसूता और नवजात दोनों के लिए पर्याप्त नहीं है और हीटर न होने से रात भर परेशानी होती है। कुल मिलाकर किसी भी वार्ड में हीटर की व्यवस्था नहीं है। इस संबंध में चिकित्सा प्रभारी डॉ0 गौरव राजपूत ने बताया कि हर वार्ड में हीटर लगाकर मरीजों को सर्दी से बचाया जाना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि हीटर का प्रयोग मरीजों के लिए है, न कि नर्सिंग स्टाफ के लिए। डॉ0 गौरव राजपूत ने आगे कहा कि यदि इसमें कोई लापरवाही हो रही है, तो जिम्मेदारी तय की जाएगी और संबंधितों के खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *