मंदिर निर्माण की खुदाई में निकले जेवरात, मजदूर लेकर भागे

कमालगंज, समृद्धि न्यूज। मंदिर निर्माण की खुदाई के दौरान मजदूरों में उस समय छीनाझपटी मच गयी, जब एक बड़े सोने के गिलास में सोने चांदी के जेवरात निकले। घटना की सूचना पुलिस को दी गयी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने जेवरातों को अपने कब्जे में लेकर मालखाने में जमा करा दिया।
जानकारी के अनुसार सोमवार को ग्राम श्रृंगीरामपुर निवासी रवि औदिच्य पुत्र सुरेन्द्र औदिच्य जो वर्तमान में आगरा में रहते हैं, उनके घर के बाहर मंदिर निर्माण की खुदाई उनके भाई दीपू करवा रहे थे। खुदाई के दौरान मजदूर को मिट्टी के अंदर एक बड़ा सोने का गिलास मिला। दीपू ने जब उसे खोला तो उसमें पुराने जेवरात और मोती भरे हुए थे। दीपू ने तत्काल आगरा निवासी मंदिर के मालिक रवि औदीच्य को इसकी सूचना दी। रवि औदीच्य के श्रृंगीरामपुर पहुंचने के बाद 112 नंबर पर पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही कमालगंज थानाध्यक्ष राजीव कुमार और सीओ संजय वर्मा मौके पर पहुंचे। दीपू ने पुलिस को बताया कि पड़ोसी सत्यनारायण और मूलचंद जेवरात लेकर गए हैं। पुलिस ने दोनों को बुलाकर जेवरात लौटाने को कहा। इस पर सत्यनारायण ने सोने के दो टूटे हुए कड़े और मूलचंद ने एक टूटी हुई झुमकी वापस कर दी। पुलिस ने सोने का गिलास, कड़े और झुमकी अपने कब्जे में ले लिए। वहीं कुछ जेवरात अब भी बरामद नहीं हो सके हैं। थानाध्यक्ष ने बताया कि शेष जेवरात भी बरामद किये जायेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *