फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। नवाबगंज थाना क्षेत्र के नवादा सिरौली गांव में मजदूरी के रुपए मांगने पर चचेरे भाई ने लाठी-डंडों से युवक को पीट-पीटकर घायल कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायलावस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की।
जानकारी के मुताबिक, नवाबगंज के गांव नवादा सिरोली निवासी ३२ वर्षीय उदय प्रताप सिंह मजदूरी का परिवार का भरण पोषण करता था। उदय प्रताप ने परिवार के चचेेरे भाई के फोन पर मजदूरी के पैसे डलवा दिये थे। रात को वह उनसे रुपये लेने गए थे, वहां रुपये के लेन देन को लेकर विवाद होने लगा। इस पर आरोपी सकटे ने अपने दो पुत्रों के साथ मिलकर उदय प्रताप पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। उसे दौड़-दौड़ाकर लाठी-डंडों से मारपीट कर घायल कर दिया। इससे वह घायल होकर गिर पड़ा। तभी चीख पुकार सुन ग्रामीण व परिजन मौके पर पहुंच गए। इससे हमलावर वहां से भाग गए। बड़े भाई सुखेंद्र उसे लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया और शव को मोर्चरी में रखवाने के साथ ही पुलिस को सूचना दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। वहीं क्षेत्राधिकारी ने भी पहुंचकर जांच पड़ताल की। मृतक के भाई सुखेंद्र ने बताया कि उदय प्रताप की पत्नी पूनम सिंह की करीब ढाई वर्ष पूर्व मौत हो गई थी। उनके दो बेटे चाहत व आर्यन उर्फ कल्लू हैं। भाई के पैर पर छह माह पूर्व मजदूरी करने के दौरान दीवार गिर गई थी। इसके बाद पैर का ऑपरेशन कराया था। उसमें काफी धन खर्च हो गया था। इससे वह कर्जदार हो गया था। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
मजदूरी के रुपये मांगने पर युवक की पीट-पीटकर हत्या
