फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। दिल्ली से फर्रुखाबाद आ रहे यात्री की रोडवेज बस में हालत बिगडऩे से मौत हो गई। जिसके बस में हडक़ंप मच गया, लेकिन चालक/परिचालक उसे रोडवेज बस स्टैंड पर उतारकर चले गए। जिसके बाद मृतक का भाई उसे समुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लेकर पहुंचा। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, कायमगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर देर शाम हरदोई जनपद की तहसील सवायजपुर निवासी गौरी शंकर ने अपने बड़े भाई गिरजा शंकर 33 वर्ष को भर्ती कराया। जहां डॉक्टर ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया। गौरी शंकर ने बताया कि वह अपने बड़े भाई गिरजा शंकर के साथ दिल्ली में बर्तन का काम करता है। उसने बताया कि दिल्ली में ही गिरजा की तबीयत खराब हो गई थी तो वह उसे घर ले जा रहा था। दिल्ली से साहिबाबाद डिपो की बस में बैठकर फर्रुखाबाद जा रहे थे। अलीगंज मार्ग पर स्थित सुम्मौर गांव के पास एक ढाबे पर बस रुकी तो गिरजा ने पेट में दर्द बताया और वह शौच करने चला गया। शौच कर वापस आकर वह बस में बैठा तो रास्ते में ही उसकी हालत ज्यादा बिगड़ गई, शरीर ऐंठ गया। जब कायमगंज बस पहुंची तो चालक परिचालक ने दोनों को बस स्टैंड पर उतार दिया और बस लेकर चले गए। भाई के शरीर में किसी प्रकार की कोई हरकत ना होने पर और शरीर शिथिल पड़ जाने पर गौरीशंकर ने उसे ई-रिक्शा द्वारा समुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचा। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। समुदायिक स्वास्थ्य से कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई। जिस पर कस्बा चौकी इंचार्ज सोमवीर सिंह, कांस्टेबिल विजय गूर्जर पहुंचे और पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू की। मृतक के परिवारीजनों को भी जानकारी दे दी गई है।
दिल्ली से फर्रुखाबाद आ रहा युवक की रोडवेज बस में मौत, चालक/परिचालक ने रास्ते में उतारा
