फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। मानसिक तनाव के चलते युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार बुघवार को थाना कादरीगेट के अंतर्गत ग्राम भाऊपुर स्थित शक्ति ट्रेडर्स सीमेंट फैक्ट्री के पास एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान राजेपुर के रजौरी निवासी 35 वर्षीय संतोष कुमार पुत्र स्वर्गीय ओमपाल के रूप में हुई है। वह इसी फैक्ट्री में काम करता था और वहीं रहता था। बुधवार सुबह गांव वालों ने संतोष को आम के पेड़ से रस्सी के फंदे पर लटका देखा। तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही आईटीआई चौकी इंचार्ज विशेष कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि संतोष शराब पीने का आदी था और उस पर काफी कर्ज हो गया था। बताया गया कि वह अपनी शादी न हो पाने के कारण भी परेशान रहता था और डिप्रेशन में था। चौकी इंचार्ज विशेष कुमार ने बताया कि संतोष ने इन्हीं कारणों से फांसी लगाकर आत्महत्या की है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है।
युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या
