उन्नाव, समृद्धि न्यूज। दही थाना क्षेत्र के रायपुर बुजुर्ग गांव में देर शाम पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर हमला कर फायर कर दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
ग्रामीणों के अनुसार, भोला ठाकुर रोज की तरह अपने घर के बाहर खड़ा था। तभी गांव के कुछ युवक वहां पहुंचे और उससे बहस करने लगे। विवाद बढ़ने पर हमलावरों ने तमंचा निकालकर भोला पर फायर कर दिया। गोली सीने के पास लगने से वह जमीन पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे । ग्रामीणों ने पुलिस और पीड़ित के परिजनों को सूचना दी। घटनास्थल पर भीड़ इकट्ठा हो गई और लोग हमलावरों की पहचान व गिरफ्तारी की मांग करने लगे। बताया जा रहा है कि हमलावरों और भोला के बीच किसी बात को लेकर रंजिश चल रही थी। जिसके कारण इस वारदात को अंजाम दिया गया।
सूचना मिलते ही दही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल भोला ठाकुर को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत बेहद गंभीर बताई और कानपुर हैलट अस्पताल रेफर कर दिया।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और ग्रामीणों से पूछताछ शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, जिससे हमलावरों की पहचान की जा सके । थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि नामजद और संदिग्ध आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें गांव में दबिश दे रही हैं।
