अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत

उन्नाव, समृद्धि न्यूज। दही थाना क्षेत्र में देर रात एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार शिव सिंह पुत्र चंद्रपाल निवासी ग्राम गाजेखेड़ा, टांडा जो पेशे से ट्रक चालक थे और अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। वह अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे और उनकी एक बहन है। उनकी असामयिक मौत से परिवार सदमे में है।
पिता चंद्रपाल ने बताया कि शिव सिंह विवाहित थे और उनके दो छोटे बच्चे हैं, जिनमें एक बेटा और एक बेटी शामिल हैं। दोनों बच्चे अभी बहुत छोटे हैं। शिव सिंह ही परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे, जिससे उनके बच्चों के भविष्य को लेकर परिवार चिंतित है। हादसे के बाद पुलिस को सूचना दी गई और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की गई।

वही अब तक अज्ञात वाहन का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। परिवार ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषी वाहन चालक को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। चंद्रपाल ने सरकार से आर्थिक सहायता की अपील की है। उनका कहना है कि यह सहायता शिव सिंह के बच्चों की पढ़ाई-लिखाई और परवरिश के लिए आवश्यक है, ताकि उनका भविष्य सुरक्षित हो सके।

उन्होंने कहा कि “इकलौता बेटा था, अब हमारे लिए सहारा सिर्फ न्याय और सरकार की मदद ही है।” फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और सीसीटीवी फुटेज व अन्य माध्यमों से वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *