मेला रामनगरिया से लौटते समय हुआ हादसा, साथी घायल
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। मेला रामनगरिया से लौट रहे एक युवक की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना गुरुवार देर रात 12 बजे बघार नाला जहानगंज मार्ग पर हुई। मृतक की पहचान कन्नौज निवासी नितिन के रूप में हुई है। वहीं घायल सौभाग्य का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार कन्नौज के थाना छिबरामऊ क्षेत्र के मोहल्ला चौधरियान निवासी सौभाग्य पुत्र विनोद राठौर और मोहल्ला बनवारी नगर निवासी नितिन को घायल अवस्था में फर्रुखाबाद के डॉ0 राम मनोहर लोहिया जिला अस्पताल लाया गया था। अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों ने नितिन को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने नितिन के शव को मोर्चरी में रखवाकर पोस्टमार्टम के लिए सूचना भेज दी है। सौभाग्य का जिला अस्पताल में उपचार जारी है। घायल सौभाग्य के भाई सागर ने शुक्रवार को बताया कि गुरुवार को वे सभी साथी देवेश, अभिषेक और गौतम के साथ मेला रामनगरिया देखने फर्रुखाबाद आए थे। सागर के अनुसार सौभाग्य और नितिन एक ही बाइक पर सवार थे। बघार नाला जहानगंज मार्ग पर उनकी बाइक को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। अन्य साथी अलग-अलग बाइकों पर थे।
अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत
