अवैध तमंचा व कारतूस के साथ युवक गिरफ्तार

कंपिल, समृद्धि न्यूज। थाना पुलिस ने अवैध तमंचा और कारतूस के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी का हाल ही में अवैध हथियार के साथ एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक ग्राम कैरई में निर्माणाधीन पुलिया के नीचे छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही कंपिल थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर युवक को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी की पहचान दुर्गेश लगभग 24 वर्ष पुत्र अनार सिंह निवासी ग्राम पलीतपुरा थाना कंपिल के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी की तलाशी ली। जिसमें उसके पास से एक 315 बोर का अवैध देशी तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी दुर्गेश के खिलाफ आयुध अधिनियम 1959 की धारा 3/25 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। उसे शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया। थानाध्यक्ष नितिन चौधरी ने बताया कि आरोपी का अवैध हथियार के साथ सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हुआ था। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष नितिन चौधरी, उप निरीक्षक धीरज कुमार, कांस्टेबिल अमित कुमार, कांस्टेबिल हन्नी कुमार और कांस्टेबिल सुमित कुमार शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *