तीन माह पूर्व हुई थी शादी, सूचना मिलते ही परिजनों में मचा कोहराम
शमशाबाद, समृद्धि न्यूज। संदिग्ध परिस्थितियों में युवक ने गमछे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। वहीं फोरेंसिक टीम ने नमूने लिये। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार शमशाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम नगला सेठ निवासी 28 वर्षीय युवक सचिन पुत्र स्वर्गीय रामचंद्र राजपूत ने मंगलवार की सुबह गांव के ही निकट एक मक्के के खेत की मेड़ पर खड़े नीम के पेड़ में गमछे के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घटना की सूचना शमसाबाद थाना पुलिस को दी गई। जिस पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच पड़ताल करते हुए सूचना उच्चाधिकारियों को दी। सूचना के बाद सीओ कायमगंज मौके पर पहुंचे। शव को नीचे उतारा गया। फोरेंसिक टीम ने नमूने एकत्र किये। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के भतीजे विक्रम ने बताया कि मृतक का तीन माह पूर्व विवाह हुआ था। मृतक पुजारी था। पास के ही एक मंदिर में पूजा अर्चना के लिए सुबह शाम जाया करता था। मंगलवार की सुबह 6.00 बजे के करीब युवक घर से निकल गया और गांव के बाहर मक्के के खेत की मेड़ पर खड़े नीम के पेड़ पर गमछे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी उस वक्त हुई जब गांव का ही एक युवक मक्के की फसल की सिंचाई करने गया। युवक ने सचिन को फांसी पर लटका देख घबरा गया और घटना की सूचना ग्रामीणों को दी। मृतक तीन भाइयों में सबसे छोटा था। पत्नी रजनी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं परिजनों का कहना है कि मृतक का किसी से कोई विवाद नहीं हुआ था न ही किसी से कोई रंजिश ही थी। मृतक के भाई ने पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस का कहना था कि हत्या है या आत्महत्या, इसका कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सकेगा।
संदिग्ध परिस्थितियों में युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या
