परिजनों में मचा कोहराम, मां का रो-रोकर बुरा हाल
अमृतपुर, समृद्धि न्यूज। थाना अमृतपुर क्षेत्र में रविवार की देर रात दर्दनाक सडक़ हादसे में एक युवक की मौत हो गई। कोहरे के कारण पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने गन्ने से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली में टक्कर मार दी। जिससे ट्रॉली पलट गई और ट्रैक्टर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसारए 14 दिसंबर 2025 की रात करीब 2:30 बजे नीरज कुमार 23 पुत्र रामशरण निवासी ग्राम अमैयापुर पश्चिमी थाना अमृतपुर अपने ट्रैक्टर स्वराज 744 से ट्रॉली में गन्ना लादकर रूपापुर चीनी मिल हरदोई जा रहा था। जैसे ही वह डबरी तिराहा पार कर शाहजहांपुर की ओर मुड़ा, तभी पीछे से आ रहे ट्रक संख्या आरजे०५जीबी6766 के चालक ने कोहरे के कारण ट्रैक्टर-ट्रॉली को नहीं देखा और तेज गति में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गन्ने से लदी ट्रॉली पलट गई और नीरज कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल नीरज को तत्काल एक प्राइवेट वाहन से लोहिया अस्पताल भेजा गया। जहां चिकित्सकों ने उपचार के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। थाना राजेपुर के प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि ट्रक और ट्रक चालक को थाने लाया गया है। तहरीर मिलने पर मामले में उचित वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्र में किसी प्रकार की कानून व्यवस्था की समस्या नहीं है। यातायात सुचारू रूप से संचालित हो रहा है। पुलिस द्वारा मृतक के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई जा रही है। घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है। मां तारावती का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि परिवार के अन्य सदस्य गहरे सदमे में हैं।
कोहरे में ट्रक की टक्कर से ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, युवक की मौत
