हाईटेंशन लाइन की चपेट से युवक की मौत, बिजली विभाग की लापरवाही से ग्रामीणों में आक्रोश

उन्नाव, समृद्धि न्यूज। सोहरामऊ थाना क्षेत्र के बौरीखेड़ा गांव में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ग्रामीणों ने घटना के बाद बिजली विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है।

जानकारी के अनुसार, सोहरामऊ थाना क्षेत्र के ग्राम बैरी खेड़ा निवासी गोविंद यादव (22) वर्ष पुत्र सूरजपाल यादव जो खेत पर धान पिटवाने जा रहा था। रास्ते में गांव के ही खेतों के ऊपर से गुजर रही पुरानी हाईटेंशन लाइन के तार बुरी तरह झूल रहे थे। अंधेरा होने के कारण गोविंद तारों को देख नहीं पाया और करंट की चपेट में आ गया। वहीं गिरते ही उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद गांव में कोहराम मच गया। गोविंद की मां गुड्डी देवी और पिता सूरजपाल यादव का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि कई बार बिजली विभाग से तारों की मरम्मत की मांग की गई थी, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया।
ग्रामीणों का कहना है कि बिजली विभाग ने इस पुरानी लाइन को लेकर कई महीनों से कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया।
उन्होंने बताया कि “अगर मरम्मत समय से हो जाती, तो आज गांव का एक बेटा ज़िंदा होता।”

जेई बोले—80 फीसदी काम पूरा, ग्रामीण बोले—20% की लापरवाही ने ले ली जान

पाठकपुर पावर हाउस के जेई संतोष कुमार ने बताया कि लाइन पुरानी होने के कारण मरम्मत का काम जारी था और लगभग 80 प्रतिशत काम पूरा हो चुका था।
लेकिन ग्रामीणों ने इस सफाई को नकारते हुए कहा—
“जब खतरा साफ दिख रहा था, तो अधूरे काम के सहारे लाइन को क्यों जोड़ा गया?”

सोहरामऊ थाना प्रभारी संदीप शुक्ला ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आगे की कार्रवाई रिपोर्ट आने के बाद की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *