आकाशीय बिजली गिरने से युवक की मौत

लखीमपुर खीरी। ईसानगर थाना क्षेत्र के एक गांव में एक युवक पर आकाशीय बिजली गिरने से उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची ईसानगर पुलिस व राजस्व प्रशासन ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्यवाही शुरू कर दी। प्राप्त जानकारी के अनुसार रोहित मिश्रा (22 वर्ष) पुत्र अवधेश मिश्रा निवासी ग्राम शिवपुर मजरा ईसानगर रविवार की सुबह अपने खेत में पेड़ लगा रहा था। खेत में रोहित के साथ गांव के ही श्रीधर तिवारी भी थे। रविवार की सुबह रोहित खेत में पेड़ लगा रहा था इसी दौरान करीब 11 बजे बरसात शुरू हो गई। बरसात शुरू होने के कारण रोहित और श्रीधर खेत के पास एक झोपड़ी में बैठ गये। इसी दौरान आकाशीय बिजली झोपड़ी पर गिर गई जिससे रोहित व श्रीधर गंभीर रूप से घायल हो गये । सूचना पर पहुंचे ग्रामीण व परिवार के लोग रोहित को अस्पताल ले जा रहे थे। इसी बीच रास्ते में रोहित की मौत हो गई । घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।सूचना मिलते ही मौके पर ईसानगर पुलिस और राजस्व कर्मी पहुंच कर परिजनों से घटना की जानकारी ली। ईसानगर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्यवाही करके शव को पोस्टमार्टम के लिए मुख्यालय भेज दिया।
एसडीएम धौरहरा शशिकांत मणि ने बताया दैवीय आपदा के तहत मृतक के परिजनों को सरकार द्वारा आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *