खेत पर जा रहे युवक की सोतानाला में डूबने से हुई मौत

अमृतपुर, समृद्धि न्यूज। दोस्तों के साथ खेत पर जा रहा युवक सोतानाला में बाढ़ के पानी से बह गया। दोस्तों ने सूचना परिजनों को दी। मौके पर पहुंचे परिजनों व ग्रामीणों ने काफी ढूंढने का प्रयास किया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। सूचना पर थानाध्यक्ष व उपजिलाधिकारी तथा तहसीलदार ने पहुंचकर जांच पड़ताल की। पांचाल घाट से गोताखोरों को बुलवाकर युवक के शव को बाहर निकाला गया। मौत की जानकारी होने पर परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम सभा कुम्हरौर निवासी १६ वर्षीय गोविंद पुत्र कल्लू जोशी की सोतानाला में डूबने से मौत हो गई। मृतक गोविंद अपने गांव के ही दोस्तों के साथ अपने खेत पर जा रहा था, तभी सोतानाला पर बनी पुलिया पर बाढ़ के पानी के तेज बहाव से खुद को संभाल नहीं पाया और वह सोतानाला में चला गया। उसके साथियों ने दौडक़र घर पर जाकर सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन व अन्य गांव के लोग मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने गोविंद को ढूंढने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक संत प्रकाश पटेल एवं दरोगा उदयवीर सिंह ने तहसील में मौजूद पीएसी को घटना स्थल पर बुलाया। पीएसी ने काफी प्रयास किया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। सूचना उच्चाधिकारियों को दी गई। मौके पर पहुंचे उपजिलाधिकारी रविंद्र सिंह तथा तहसीलदार कर्मवीर सिंह ने पांचाल घाट से गोताखोरों को बुलाया। गोताखोर अल्लादीन, मलिक, अच्छे बाबू, खालिक, बादशाह आदि ने कड़ी मशक्कत के बाद गोविन्द के शव को बाहर निकाल लिया। शव बाहर आते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक अपने पांच भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। गोविंद के पिता कल्लू, माता धानवती, छोटा भाई गोपाल, बहन आरुषि, कविता, सविता आदि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। तहसीलदार कर्मवीर सिंह ने बताया कि शासन द्वारा जो दैवीय आपदा राहत दी जाती उसे पीडि़त परिजनों को दिलाने का प्रयास किया जाएगा। अमृतपुर थाने के दरोगा उदयवीर सिंह ने शव का पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *