
ग्रामीणों ने ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप लगाकर जताया आक्रोश
कमालगंज, समृद्धि न्यूज। जल ही जीवन है के तहत पाइप लाइन के लिए खोदे गये गड्ढे खुले होने से आये दिन कोई न कोई गिरकर गंभीर रुप से घायल हो रहे है। सोमवार को एक युवक अपने खेत पर जा रहा था। पानी भरा होने से वह गड्ढा समझ नहीं सका और गिरकर गंभीर रुप से घायल हो गया। परिजनों ने सीएचसी में भर्ती कराया। जहां पैर टूट जाने की चिकित्सक ने जानकारी दी।
थाना क्षेत्र के ग्राम मोहनपुर दिनारपुर में जल ही जीवन है के अंतर्गत पाइपलाइन के लिए ठेकेदार द्वारा खुदाई करायी गई थी। गांव में जगह-जगह गड्डे हो गये। बरसात का पानी भरे होने से अचानक गड्ढे दिखायी ही नहीं देते है। जिसमें गिरकर आये दिन साइकिल सवार व छोटे-छोटे बच्चे गिरकर घायल हो जाते है। सोमवार को ४० वर्षीय ईश्वर दयाल पुत्र स्व0 रामदास राजपूत अपने खेत पर जा रहे थे, तभी वह अचानक पाइप लाइन के खोदे गये गड्ढे में गिरकर गंभीर रुप से घायल हो गये। आसपास के लोगों ने उन्हे बाहर निकाला और उपचार के लिए सीएचसी भिजवाया। जहां चिकित्सक ने पैर टूट जाने की जानकारी दी और लोहिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। परिजनों ने उपचार के लिए एक निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया। ग्रामीणों ने ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप लगाकर आक्रोश जताया तथा कार्यवाही की मांग की।
