कमालगंज, समृद्धि न्यूज। कमालगंज थाना क्षेत्र के आजाद नगर भटपुरा निवासी 25 वर्षीय मोहम्मद चांद शुक्रवार दोपहर एक सडक़ हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना कस्बा के एसबीआई बैंक के निकट हुई। जब वे सडक़ पार कर रहे थे और एक तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। राहगीरों ने बाइक चालक को मौके पर ही पकड़ लिया।
हादसा दोपहर करीब 12:30 बजे उस समय हुआ जब मोहम्मद चांद बाजार से लौट रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बाइक चालक लापरवाही से वाहन चला रहा था। टक्कर लगने के बाद मोहम्मद चांद सडक़ पर गिर गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत बाइक चालक को पकड़ लिया और घायल चांद को एक निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद मोहम्मद चांद की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया। जानकारी के अनुसार उनके सिर और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। लोहिया अस्पताल में उनका इलाज जारी है।
सडक़ दुर्घटना में युवक घायल
