उन्नाव, समृद्धि न्यूज। गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र में अवा कॉन्टिनेंटल गेस्ट हाउस में शाम एक अज्ञात युवक ने तीसरी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, मृतक की उम्र लगभग 35 वर्ष है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि वह गेस्ट हाउस में एक पांच वर्षीय बच्ची के साथ आया था। बताया जा रहा है कि उसने बच्ची को नीचे छोड़ दिया और वह गेस्ट हाउस की ऊपरी मंजिल पर चला गया। कुछ ही देर बाद वह तीसरी मंजिल से नीचे कूद गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलने पर क्षेत्राधिकारी नगर विनी सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने गेस्ट हाउस के कर्मचारियों और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की है। गेस्ट हाउस में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, जिससे घटना की स्पष्ट जानकारी की जा सके। जबकि मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस बच्ची के संबंध में जानकारी जुटा रही है और उसके परिजनों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। बच्ची को सुरक्षित स्थान पर रखा गया है और उसके बयान दर्ज किए जाएंगे।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। वही सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
