उन्नाव, समृद्धि न्यूज। मौरावां थाना क्षेत्र में बरखंडी मंदिर के पास परीक्षा देने जा रहे बाइक सवार युवक को तेज रफ्तार बस ने टक्कर मार दी। जिससे एक युवक की मौत हो गई। जबकि उसका साथी उमंग गंभीर रूप से घायल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, सुमित और उसका मित्र उमंग बाइक से परीक्षा देने जा रहे थे। अभी वह बरखंडी मंदिर मोड़ के पास पहुंचे थे तभी सामने से आ रही एक निजी बस ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे।
मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों को उठाकर पास के अस्पताल पहुंचाया। जहां सुमित की हालत नाजुक होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। सुमित की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। हादसे में घायल उमंग की हालत गंभीर बनी हुई है।
मौरावां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बस तथा बाइक को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है और बस चालक से पूछताछ की जा रही है।
