संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की लगे गोली, भर्ती

कंपिल, समृद्धि न्यूज। संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से युवक घायल हो गया। स्वजन इलाज के लिए युवक को सीएचसी कायमगंज ले गए। जहां हालत गंभीर होने पर उसे लोहिया रेफर किया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। स्वजनों ने रंजिश में गोली मारने का आरोप लगाया। जबकि पुलिस के अनुसार युवक ने स्वयं गोली मारी है।
जानकारी के अनुसार क्षेत्र के गांव बिल्हा निवासी 35 वर्षीय रामप्रकाश जाटव पड़ोसी गांव स्थित एक दूध डेयरी पर काम करता है। प्रतिदिन की भांति रविवार सुबह चार बजे वह घर से डेयरी पर जाने के लिए निकला था। रास्ते में संदिग्ध परिस्थितियों में युवक के गोली लग गई। भुजा में गोली लगने से युवक खून से लथपथ होकर सडक़ पर गिर पड़ा। कुछ समय बाद रामप्रकाश की पत्नी मीनू ने फोन लगाया। फोन न उठने पर उन्होंने छोटे देवर राहुल को जानकारी दी। राहुल को भाई रामप्रकाश रस्ते में खून से लथपथ अवस्था में पड़े मिले। चीखपुकार की आवाज सुनकर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। स्वजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल कर घायल को इलाज के लिए सीएचसी कायमगंज भेज दिया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें लोहिया रेफर किया गया। जहां घायल का इलाज जारी है। स्वजनों के अनुसार रामप्रकाश का गांव निवासी एक युवक से विवाद चल रहा है। आरोप है कि उसी युवक ने रंजिश में जान से मारने की नियत से रामप्रकाश को गोली मार दी। हालांकि मामला संदिग्ध निकलने पर घायल के भाई राहुल को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। थाना प्रभारी कपिल चौधरी ने बताया युवक ने स्वयं ही गोली मारी है। मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *