
भैंस के रामगंगा के पानी में चले जाने पर घटी घटना अमृतपुर, समृद्धि न्यूज। मवेशी चराने गया युवक रामगंगा में डूब गया। ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश करायी, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। पुलिस ने युवक की तलाश के स्टीमर को लगाया है। घटना की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंच गये और उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम सभा चिडिय़ा मोहलिया के मजरा सिकंदरपुर निवासी २६ वर्षीय कमलेश पुत्र जगतपाल रविवार को अपनी भैंसों को चराने रोशनी की बहरी राम गंगा के पास खेतों पर गया था। जहां पर उसकी भैंस पानी की तरफ चली गई। जिसको रोकने के चक्कर में कमलेश खुद ही रामगंगा नदी में समा गया। देखने वालों ने शोर मचाकर गांव वालों को सूचना दी। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर थाना प्रभारी निरीक्षक संत प्रकाश पटेल पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच पड़ताल की। वहीं तहसीलदार कर्मवीर सिंह ने भी अपने राजस्व टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंच गये और तहसील मुख्यालय में मौजूद पीएसी टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया। गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश करायी गई, लेकिन युवक का कोई भी सुराग नहीं मिला। पुलिस ने युवक की तलाशी में स्टीमर को भी लगाया है। कमलेश अपने पांच भाइयों में सबसे छोटा था। अभी उसकी शादी नहीं हुई थी। उसकी माता मुन्नी देवी, बहन ज्ञानदेवी, गुरुदेवी आदि परिजन घटना स्थल पर ही डटे हंै और उनका रो-रोकर बुरा हाल है। खबर लिखे जाने तक युवक का पता नहीं चला था।
