युवक के शव की चार दिन बाद हुई पहचान, फिरौती कॉल से मामला संदिग्ध

फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। राजेपुर थाना क्षेत्र में बहने वाली रामगंगा नदी के महेशपुर घाट पर मिले अज्ञात युवक के शव की पहचान चार दिन बाद हो गई। परिजनों ने रविवार को कपड़ों और साथ मिले सामान के आधार पर शव की शिनाख्त की।
शनिवार को ग्रामीणों ने नदी में एक शव तैरता हुआ देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर राजेपुर थानाध्यक्ष सुदेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को नदी से बाहर निकलवाया। उपनिरीक्षक आशुतोष ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया था। रविवार सुबह करीब 11 बजे हरदोई जिले के मझिला थाना क्षेत्र के आंझी निवासी अशोक सिंह राजेपुर थाने पहुंचे। उन्होंने शव की पहचान अपने 20 वर्षीय पुत्र अभय प्रताप सिंह के रूप में की। अशोक सिंह ने बताया कि अभय 24 फरवरी को सुबह आठ बजे सीतापुर स्थित अपनी ननिहाल जाने के लिए घर से निकला था, लेकिन वहां नहीं पहुंचा। उसी दिन एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर 25 लाख रुपये की फिरौती मांगी थी। इसके बाद 25 फरवरी को मझिला थाने में अभय की गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। परिजनों के अनुसारए अभय का एक छोटा भाई अंश है और मां का नाम संध्या देवी है। थानाध्यक्ष सुदेश कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा और उसी आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस फिरौती कॉल के पहलू को भी गंभीरता से जांच में शामिल कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *